INDIA गठबंधन के हल्ला बोल से घबराई भाजपा, चोरी भी और सीना-जोरी भी : सुनील सिंह
लखनऊ लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि INDIA गठबंधन के हल्ला बोल आंदोलन से भाजपा में बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। लोकतंत्र में जनता के वोट का अधिकार सर्वोच्च है, लेकिन आज इसी अधिकार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने की कोशिश करती है और सवाल उठने पर चोरी भी करती है और सीना-जोरी भी। श्री सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि चुनाव आयोग की सफाई के लिए भाजपा नेता क्यों दे रही है? क्या चुनाव आयोग वही कर रहा है, जो भाजपा चाहती है? यदि चुनाव आयोग वास्तव में स्वतंत्र और निष्पक्ष है तो उसे किसी बीजेपी दल के बचाव की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे स्वयं जनता के सामने अपनी कार्यप्रणाली, निर्णयों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट एवं पारदर्शी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना उसकी बुनियादी जिम्मेदारी है। यदि किसी मतदाता का नाम हटाया जाता है, उसके वोट के अधिकार पर सवाल खड़े होते हैं या चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर संदेह पैदा होता है तो इसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होना जरूरी है।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि INDIA गठबंधन द्वारा उठाए जा रहे गंभीर सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय भाजपा नेताओं द्वारा चुनाव आयोग का बचाव किया जाना जनता के मन में उठ रहे संदेह को और गहरा करता है। चुनाव आयोग को राजनीतिक दबाव से पूरी तरह मुक्त होकर काम करना चाहिए और जनता का विश्वास कायम करना चाहिए। चुनाव आयोग की भूमिका पर लगातार उठ रहे सवालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।