युवा शक्ति को सशक्त बनाना: विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 डॉ. मनसुख मांडविया, (

अजय कुमार गुप्ता सोशलिस्ट न्याय लखनऊ 
लखनऊ भारत अपनी स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष-2047 की ओर आगे बढ़ रहा है, ऐसे में हमारे युवा विकसित भारत के निर्माण के हमारे मिशन में सबसे आगे हैं। बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले एक लाख युवाओं को राजनीति में शामिल करने के माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर, हमने राष्ट्रीय युवा महोत्सव को एक असाधारण रूप में परिकल्पित किया है - “विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025”। यह संवाद केवल एक आयोजन नहीं है, यह एक अभियान है, युवा सशक्तिकरण, नेतृत्व और व्यावहारिक विचारों का एक जीवंत उत्सव है, जो “विकसित भारत” से जुड़े देश के दृष्टिकोण के अनुरूप है। *राष्ट्रीय युवा महोत्सव की परिकल्पना* दो दशकों से अधिक समय से, राष्ट्रीय युवा महोत्सव सांस्कृतिक आदान-प्रदान और युवा ऊर्जा का प्रतीक रहा है। हालांकि, इस वर्ष, हमने अलग तरीके से सोचने का साहस किया। 18 नवंबर, 2024 को, हमने उत्सव के प्रारूप में एक अभूतपूर्व परिवर्तन की घोषणा की, जिसके केंद्र में नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण को रखा गया। इस परिकल्पना का केंद्र है - विकसित भारत चुनौती, जो तीन चरणों वाली प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता को भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान करने और उन्हें विकसित करने के लिए सावधानीपूर्वक डिज़ाइन किया गया है। यह चुनौती योग्यता, समावेश और पारदर्शिता पर आधारित है, जो भौगोलिक या पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना हर युवा भारतीय को योगदान करने का समान अवसर मिलना सुनिश्चित करती है। पहले चरण, विकसित भारत क्विज़ में देश भर के लगभग 3 मिलियन युवाओं ने भाग लिया। 12 भाषाओं में आयोजित इस प्रतियोगिता में पिछले दशकों में भारत की प्रगति के बारे में उनके ज्ञान का परीक्षण किया गया, जिससे समावेश और पहुँच सुनिश्चित हुई। दूसरे चरण के तहत, विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहराई से विचार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पेश किये गए दो लाख से अधिक निबंधों में विकास के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने, सतत विकास को अपनाने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने जैसे दस विषयगत क्षेत्रों पर विचार प्रस्तुत किये गए। विशेषज्ञ पैनल द्वारा मूल्यांकित इन निबंधों ने हमारे युवाओं की रचनात्मकता, विश्लेषणात्मक सोच और मौलिकता के बारे में गहन जानकारी प्रदान की।अंतिम चरण के अंतर्गत, विकसित भारत विज़न डेक प्रतियोगिता में शीर्ष प्रतिभागी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में शामिल हुए। यहाँ, युवा नेताओं ने क्षेत्र (डोमेन) विशेषज्ञों और नेतृत्व मध्यस्थों के पैनल के सामने अभिनव विचार प्रस्तुत किए। इस चरण में जमीनी स्तर के दृष्टिकोण और क्षेत्रीय विविधता पर जोर दिया गया, जिससे युवा भारतीयों की स्थानीय रूप से कार्य करते हुए वैश्विक स्तर पर सोचने की क्षमता का प्रदर्शन हुआ।
 इन चरणों के माध्यम से पूरी हुई यात्रा को सुदृढ़ता और दृढ़ संकल्प की प्रेरक कहानियों से रेखांकित किया जा सकता है। पूर्वोत्तर की पहाड़ियों तथा राजस्थान और गुजरात के गाँवों से लेकर तमिलनाडु के तटीय शहरों तक, हमने युवा नेताओं को सामाजिक बाधाओं, लॉजिस्टिक्स चुनौतियों और व्यक्तिगत कठिनाइयों को पार करते हुए विकसित भारत का अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करते देखा - एक ऐसा भारत, जिसकी वे कल्पना करते हैं।विकसित भारत युवा नेता संवाद 10 जनवरी, 2025 को आधिकारिक तौर पर भारत मंडपम, नई दिल्ली में शुरू होगा, जिसमें 3,000 प्रतिभागी एक ऐतिहासिक समागम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक से 1,500 प्रतिभागी शामिल होंगे, जो राज्य चैंपियनशिप की शीर्ष 500 टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे, पारंपरिक ट्रैक से 1,000 प्रतिभागी भाग लेंगे, जो राज्य स्तरीय युवा महोत्सवों से चयनित प्रदर्शनों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगे और 500 पथप्रदर्शक शामिल होंगे, जो विषयगत ट्रैक पर अपने अभूतपूर्व योगदान के लिए चुने गए हैं।प्रतिभागी सांस्कृतिक और विषयगत प्रस्तुतियों, प्रतियोगिताओं तथा प्रधानमंत्री संग्रहालय और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे प्रतिष्ठित स्थलों की यात्रा में भाग लेंगे। विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के साथ एक विशेष रात्रिभोज, अनौपचारिक संवाद के लिए एक दुर्लभ मंच प्रदान करेगा, जो युवाओं की आकांक्षाओं को नीति निर्माण अंतर्दृष्टि के साथ जोड़ेगा।    
 

Popular posts from this blog

आफलाइन स्थानांतरण फाईल अनुमोदन का किया अनुरोध पत्रावलियां की पुनः जांच कराने का औचित्य नहीं

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी से उनके आवास पर भेंट कर देश भर के कर्मचारियों की समस्याओं का ज्ञापन दिया।

मृतक आश्रितों को योग्यता के आधार पर मिले नियुक्ति: महासंघप्रदेश में चतुर्थ श्रेणी के पाच लाख पद रिक्त,संविदा से चल रहा काम